March 22, 2026

कॉफी प्वाइंट क्षेत्र में लगाए जाएंगे पौधे

कोरबा 4 जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर एक बार फिर हरियाली के संरक्षण को लेकर चिंता होगी और काम भी। 05 जून को जिले में कई स्थानों पर इस परंपरा को निभाया जाएगा। बालको नगर के अंतर्गत काफी प्वाइंट क्षेत्र में इस सीजन का पहला पौधरोपण किया जाएगा। उद्देश्य है कि लोगों को पर्यावरण को लेकर जागरूक किया जाएगा। वन विभाग यह कार्यक्रम कर रहा है।   

बताया गया कि इसके अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता पर साइकिल रैली होगी। इस स्थान के आसपास मौजूद वन्य जीवों के बारे में जन सामान्य को अवगत कराने के साथ उनकी चेतना स्तर को बढ़ाया जाएगा। इसी के साथ इस इलाके में अलग.अलग प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। विश्व पर्यावरण दिवस को लेकर किये जाने वाले इस आयोजन की तैयारी की गई है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार का आयोजन इस नाते अलग है, क्योंकि इसमें अलग-अलग सोपान रखे गए हैं। जानकारी दी गई है कि कोरबा जिले में वन विभाग की केन्द्रीय रोपणी और अन्य स्थानों पर लाखों की संख्या में पौधे तैयार किये गए है। मानसून की सक्रियता के साथ उनका रोपण किया जाएगा। जानकारों का कहना है कि पर्यावरण
संतुलन के लिए खासतौर पर औद्योगिक जिले कोरबा में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण किया जाना आवश्यक है। कोयला खदानों और बिजली घरों सहित दूसरे उद्योगों की उपस्थिति एवं यहां से होने वाले प्रदूषण के चलते जन स्वास्थ्य का खतरा बढ़ रहा है। ऐसे में पर्यावरण की शुद्धता केवल हरे.भरे पेड़ पौधों से हो सकती है। आह्वान किया जा रहा है कि लोग शुद्ध वायु की प्राप्ति के लिए अपने स्तर पर भी पौधे लगाएं और उनकी रक्षा करें।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word