April 11, 2026

छत्तीसगढ़ : केन्द्र की योजनाओं को लागू करने में बरती गयी अनियमितता-गिरिराज सिंह

कोरबा 16 जुलाई। केंद्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि वोट के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली पार्टियां मोदी सरकार के विकास के काम और दुनिया में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को भटकाने के लिए देश का माहौल बिगाडऩे की कोशिश कर रही हैं। तिलक भवन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्होनें छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार पर केंद्रीय योजनाओं को लागू करने में अनियमितता बरतने का भी आरोप लगाया।

पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि देश में आस्था पर सवाल क्यों उठाया जा रहा है, सिंह ने कहा, जो दल दशकों से वोट के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं, वे मोदी सरकार के विकास के कामों की चर्चा तथा विश्व में देश की बढ़ती हुई प्रतिष्ठा को भटकाने के लिए देश के माहौल को बिगाडऩे की कोशिश कर रहे हैं। जब से देश में मोदी सरकार (2014 से) है तब से यह प्रयास कर रहे हैं। सिंह ने कहा, कभी उन्होंने अफजल गुरु के नाम पर ऐसा किया। जब एक आतंकवादी को दोषी ठहराया जाता है, तो वे सभी इक_ा होते हैं और आधी रात को (उसे बचाने के लिए) अदालत का दरवाजा खटखटाते हैं। वे माहौल खराब करना चाहते थे..यहां तक कि उदयपुर हत्याकांड पर कांग्रेस के ‘युवराज (राहुल गांधी का जिक्र करते हुए)कहा कि वे बच्चे हैं और बचकानी हरकतें करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान राज्य के सत्ताधारी दल कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि छत्तीसगढ़ में कथित अनियमितताओं के कारण केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं और गरीब कल्याण योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि भूपेश बघेल सरकार ने गरीबों का हक छीन लिया है। 11 लाख आवास के लिए राज्य की ओर से अशंदान नहीं किया गया, जिसकी वजह से केंद्र को राशि वापस लेनी पड़ी। इससे जरूरतमंदों को अपने हक से वंचित होना पड़ा। उन्होंने गरीब कल्याण योजना के तहत राज्य में गरीबों को चावल वितरित करने में कथित अनियमितता का भी आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया, राज्य की कांग्रेस सरकार ‘कट मनी सरकार और केंद्रीय नेतृत्व की एटीएम बन गई है। पत्रकार वार्ता में कोरबा जिला सह प्रभारी गोपाल साहू, जिलाध्यक्ष डॉ राजीवसिंह, जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, गोपाल मोदी, नवीन पटेल आदि मौजूद थे। गिरिराज सिंह केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए 13 जुलाई से कोरबा के चार दिवसीय दौरे पर रहे।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word