September 19, 2024

हत्या कर पत्नी का शव सैप्टिक टैंक में छिपाया, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा 20 जुलाई। आपसी मनमुटाव के चलते दोपहर में पत्नी के खाना देने से मना करने पर आक्रोशित पति ने उसके सोते समय सिर पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को सैप्टिक टैंक में छिपाकर पत्नी के खोजबीन का नाटक करता रहा। थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की सूचना भी दी। इस बीच साला ने पहुंचकर हत्या का भेद खोल दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार बालको के रूमगरा निवासी रविंद्र वर्मा मंगलवार की दोपहर बालको थाना पहुंचा, जहां उसने पुलिस को अपनी पत्नी बुधवारा बाई राजपूत 35 की गुमशुदगी की सूचना दी। उसने बताया कि सोमवार दोपहर उसकी पत्नी कही चली गई। खोजबीन करने पर भी नहीं मिली तो वह 24 घंटे बाद सूचना दर्ज कराने आया है। पुलिस गुमशुदगी दर्ज करने की तैयारी कर रही थी कि रविंद्र का साला पथरिया निवासी राजू राजपूत थाना पहुंचा। उसने अपने जीजा रविंद्र पर उसकी बहन बुधवारा बाई की हत्या करके शव को कही पर छिपाने का आरोप लगाया। पुलिस ने रविंद्र से पूछताछ की तो उसने गोलमोल जवाब दिया। संदेह के आधार पर पुलिस रविंद्र को लेकर उसके घर पहुंची, जहां संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की गई। तब सैप्टिक टैंक के ऊपर से लकड़ी हटे होने की जानकारी बच्चों ने पुलिस को दी। सैप्टिक टैंक के अंदर खुदाई कराने पर वहां पर बुधवारा बाई का शव मिला। जिसके बाद रविंद्र ने उसकी हत्या कर शव वहां छिपाना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया।

बालको थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के मुताबिक रविंद्र और उनकी पत्नी बुधवारा बाई के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। इस कारण महिला पूर्व में घर छोड़कर मायके चली गई थी। मनाने पर वह 2 माह पहले बच्चों के साथ लौटी थी। पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि दोपहर में पत्नी द्वारा उसे खाना नहीं देने और विवाद करने पर उसे आक्रोश आ गया। उसने सोते समय ही सिर पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बच्चों के स्कूल से आने से पहले शव को सैप्टिक टैंक में डालकर छिपा दिया था।

Spread the word