February 25, 2026

ठेका कर्मियों ने नागार्जुन इंजीनियरिंग कंपनी के कार्यों पर लगाई रोक, उत्पादन बाधित

कोरबा 7 सितंबर। साउथ इस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के विभिन्न क्षेत्रों की खदानों और दूसरी साइड पर कई कारणों से आये दिन प्रदर्शन होने से प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ रही है। कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में ठेका कर्मियों ने नागार्जुन इंजीनियरिंग कंपनी के कार्यों पर ऐसे ही कारणों से रोक लगा दी। इसके चलते एसईसीएल के उत्पादन और दूसरे कार्य बाधित हुए हैं। ठेका कामगारों की ओर से प्रदर्शन करने के साथ एक बार फिर कामकाज ठप कर दिया गया।

इसी वर्ष ग्लोवल टेंडर के अंतर्गत एसईसीएल दीपका क्षेत्र में सीएचपी और साइलो से संबंधित कामकाज का ठेका दक्षिण भारत की नागार्जुन इंजीनियरिंग के हाथ लगा है। शुरुआत में पुराने कामगारों को निकाले जाने के साथ यह कंपनी विवादों से घिरी रही। आये दिन हो रहे प्रदर्शन के कारण सही समय पर इसका काम शुरू नहीं हो सका। बाद में हस्तक्षेप और नई सेवा शर्तों के साथ उसकी गतिविधियां यहां पटरी पर लौट सकी। जानकारी के अनुसार कंपनी ने सीमित संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार पर रखा है जबकि बड़ी संख्या में लोग दक्षिण से यहां बुलवाये गए हैं। कहा जा रहा है कि अपने चहेतों को समय पर वेतन दिया जा रहा है जबकि स्थानीयों के मामले में दिक्कतें पैदा की जा रही है। इसके अलावा तरह-तरह से इन लोगों को परेशान करने का काम जारी है। ठेका कर्मियों ने एक संगठन के बैनर पर 8 मांगे रखते हुए आज सुबह से दीपका के साइलो और सीएचपी का काम बंद करा दिया। कहा गया कि पूर्व में अनेक आंदोलन किये गए। अरसा बीतने पर इस बारे में सहमति बनी है लेकिन इन पर काम नहीं किया गया। लिखित समझौतों को आधार बनाकर ठेका कर्मियों ने कंपनी को उसका वादा याद कराया और कामकाज को ठप्प कर दिया। आज सुबह 6.30 बजे से दीपका में सीएचपी और साइलो का कामकाज एक तरह से चौपट हो गया और यहां किसी भी तरह के प्रचालन संबंधी कामकाज नहीं हुए। गतिरोध को देखते हुए कंपनी ने प्रबंधन और पुलिस को जानकारी दी है। इस पर अगले रूख की प्रतीक्षा की जा रही है।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word