April 11, 2026

मल्दा घाट में मिली लाश, चोट के निशान से हत्या की आशंका

कोरबा 20 सितम्बर। यहां से 30 किलोमीटर दूर कटघोरा क्षेत्र में अहिरन नदी के मल्दा घाट में एक पुरूष का शव मिला है। आमाखोखरा में निर्माणाधीन नेशनल हाईवे के करीब इलाके में मिले शव पर चोट के निशान देखे गए हैं। उनकी स्थिति ताजा.तरीन प्रतीत होती है इससे आशंका जताई जा रही है कि मामला हत्या का हो सकता है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है और जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे.130 बी के अंतर्गत कटघोरा के नजदीक अहिरन नदी के मल्दा घाट में कुछ लोगों ने आज सुबह एक शव देखा। करीब जाने पर मालूम चला कि मृतक कोई पुरूष है। इस बारे में स्थानीय पुलिस को अवगत कराया गया। कुछ देर के बाद कटघोरा पुलिस की टीम ने यहां उपस्थिति दर्ज कराई और जरूरी औपचारिकताओं की पूर्ति की। मृतक के पास मिले एक दस्तावेज में अनुसार मृतक का नाम थान सिंह दर्ज है और उसका वास्ता उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद जिले का होना दर्शित है। मृतक किस काम से यहां आया था और नदी में क्या कुछ घटित हुआए यह फिलहाल पहेली है। नदी में डूबने से होने वाली स्थिति से अलग उसके चेहरे पर मौजूद चोट के निशान कुछ अलग कहानी बयां कर रहे हैं। इस आधार पर यह कयास लगाया जा रहा है कि मामला हत्या का हो सकता है और कहानी को अलग रूप देने के लिए यह तरीका अपनाया गया होगा। कटघोरा पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए फौरी तौर पर 174 सीआरपीसी के तहत मर्ग कायम किया है। मृतक से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों को सूचित करने के बाद इस मामले में अगले कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले कटघोरा के जेंजरा बायपास पर दो महीने पहले दिव्या गोंड़ नामक छात्रा का शव कुएं में मिला था। रंजना गांव में रहकर पढऩे वाली छात्रा की यहां हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच चलती रही।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word