February 25, 2026

वन भूमि पट्टा दिए जाने के लिए सर्वे कार्य शुरू: विधायक केरकेट्टा

कोरबा 23 सितम्बर। जंगल वाले हिस्से में काबिज लोगों को मौके पर स्थायी रूप से बने रहने के लिए सरकार ने योजना बनाई है। लगातार इसके तहत लाभ दिया जा रहा है। नगर पंचायत क्षेत्र पाली में इसके लिए सर्वे को औपचारिक रूप से शुरू किया गया है। प्रक्रियाओं के तहत आगामी दिनों में संबंधितों को पट्टा की पात्रता सुनिश्चित की जाएगी। इस विषय पर विधायक मोहितराम केरकेट्टा एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष उमेश चंद्रा ने कुछ संवाददाताओं से शुक्रवार को बातचीत की। योजनाओं के पहलुओं को स्पष्ट किया गया। बताया गया कि नगर पंचायत में कुछ वार्ड की भौगोलिक संरचना बड़े झाड़ के जंगल वाली है। यहां मौजूद आबादी का वास्ता काफी समय से है। सरकारी रिकार्ड के आधार पर इस बारे में खाका तैयार किया जाना है।

उक्तानुसार वन भूमि पट्टा दिए जाने के लिए सर्वे किया जाएगा। सरकार ने इसके लिए जो पॉलिसी बनाई है उसे फॉलो किया जाएगा और पात्रता रखने वाले लोगों के नाम सूची में शामिल किए जाएंगे। अध्यक्ष ने बताया कि पेपर वर्क और अन्य औपचारिकता पूर्णता के बाद भविष्य में मुख्यमंत्री के हाथों ऐसे लोगों को जमीन के पट्टे प्रदान कराए जाएंगे। अध्यक्ष के अनुसार नगरीय क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार सहयोग कर रही है। हमने यहां की प्राथमिकताओं के बारे में आगे जानकारी भेजी है। विश्वास है कि इस परिप्रेक्ष्य में अपेक्षित कार्यवाही की जाएगी।

ranjan photo
Ranjan Prasad

Spread the word