July 4, 2024

हाथी के बच्चे को मारकर दफनाने के मामले में मुख्य आरोपी फरार, प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने आरोपी को वन अफसरों पर छोडऩे का लगाया आरोप

कोरबा 2 नवम्बर। वन मंडल कटघोरा के पसान रेंज में 12 दिन पहले बनिया गांव में हाथी के बच्चे को मारकर दफनाने के मामले में मुख्य आरोपी जनपद सदस्य कोमल सिंह अभी तक फरार है। इधर वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने मुख्य आरोपी को वन अफसरों पर छोडऩे का आरोप लगाया है।

समिति के अध्यक्ष सूर्य कुमार का कहना है कि घटना के बाद बनिया गांव के 12 ग्रामीणों को गिरफ्तार वन अमले ने किया था। उसी दिन मुख्य आरोपी जनपद सदस्य कोमल सिंह चोटिया में डिप्टी रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड के साथ देखा गया। जब इस संबंध में फॉरेस्ट गार्ड से पूछा तो बताया गया कि वह दूसरे वाहन में आ रहा है, लेकिन बीच में ही वह गायब हो गया। इससे साफ है कि मुख्य आरोपी को भगाने में वन अफसरों का ही हाथ है। इस मामले को लेकर कोर्ट में भी बयान देने पीछे नहीं हटूंगा। इस घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सामने आने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

हाथी धान की फसल को रोज नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्राम पंचायत रोदे के फुलसर में हाथी 15 एकड़ से अधिक धान की फसल को नुकसान पहुंचा चुके हैं। गांव के हरीनाथ साहू ने बताया कि एक हेक्टेयर की फसल को नुकसान किया है। राम नारायण साहू, रविंद्र कुमार ने बताया कि अधपके के धान की फसल को घर लाना पड़ रहा है। एसडीओ संजय त्रिपाठी का कहना है कि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। उसे भगाने का आरोप गलत है। अलग-अलग टीमें लगाई गई है। इस मामले में चर्चा की जाएगी।

Spread the word