July 4, 2024

जिले के गौठानों में अब तक 5106 क्विंटल पैरा किया गया संग्रहण

0 204 गौठानों में किया गया पैरादान, मवेशियों के चारे के लिए किसान एवं ग्रामीण कर रहे पैरादान

कोरबा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुसार जिले के गौठानों में मवेशियों के चारे के लिए पैरा दान किया जा रहा है। आगामी मई-जून माह तक गौठानों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा संग्रहित करने के लिए जिला में पैरादान अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक जिले के 204 गौठानों में पैरादान करके पांच हजार 106 क्विंटल पैरा संग्रहण किया गया है। गौठानों में पैरा का व्यवस्थित एवं सुरक्षित भंडारण किया जा रहा है।
कलेक्टर संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे पैरादान अभियान के तहत पैरादान के लिए किसानों को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मैदानी अमले की ओर से लगातार प्रेरित किया जा रहा है। गांव में पैरादान के लिए दीवार लेखन, मुनादी कराई जा रही है। जनप्रतिनिधि पैरादान के लिए किसान भाइयों से अपील कर रहे हैं। धान खरीदी केंद्रों पर वृहद स्तर पर बड़े किसानों द्वारा पैरादान हेतु सहमति पत्र भरे जा रहे हैं। गौठानों में स्व-सहायता समूह की महिलाएं, किसान बैलगाड़ी, ट्रैक्टर ट्राली आदि के माध्यम से पैरादान कर रहे हैं। पैरादान अभियान के तहत कोरबा जनपद के 44 गौठानों में 64340 किलोग्राम, करतला जनपद पंचायत के 21 गौठानों में 23130 किलोग्राम, कटघोरा जनपद पंचायत के 22 गौठानों में 62180 किलोग्राम, जनपद पंचायत पाली के 62 गौठानों में 213250 किलोग्राम एवं पाली जनपद पंचायत के 55 गौठानों में 147781 किलोग्राम पैरादान किया गया है। इस प्रकार अब तक कोरबा जिले में 204 गौठानों में 5106 क्विंटल पैरदान किया गया है। इस पैरा को गौठानों में व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित भंडारण करके पैरावट बनाकर संग्रहित किया जा रहा है, ताकि पशुओं के लिए चारा लंबे समय तक उपयोगी हो सके।

Spread the word