February 25, 2026

अपना सम्मान चाहिए तो बदलनी होगी सत्ता : रफीक

रंजना झालकछार में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की बैठक
चाकाबुड़ा। दीपका क्षेत्र ग्राम रंजना झालकछार में गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी ने बैठक का आयोजन किया। इसमें जिला व ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य रूप से पार्टी के विचार को जन-जन तक पहुंचाने व 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां की जानकारी दी गई।
बैठक की शुरुआत पेनवासी दादा हीरा सिंह मरकाम के चरणों में सेवा जोहार के नारे लगाकर की गई। पदाधिकारियों को पिला चावल से तिलक लगाकर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में गोंगपा के सैयद अहमद रफीक अली अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष गोंगपा कोरबा उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि गोंडवाना संस्कृति विश्व संस्कृति की जननी है। वर्तमान में राजनीतिक हितों से आदिवासी संस्कृति विलुप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि अपना सम्मान चाहिए तो सत्ता बदलनी होगी। इसके लिए हमें नीतिबद्ध होकर काम करना होगा। सभा में जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ जिलेभर से हर समुदाय के लोग उपस्थित हुए। लगभग तीन घंटे चली सभा में पार्टी के अनेक पदाधिकारियों ने अपनी बात कही। मातृशक्ति प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रभा पोर्ते ने कहा कि दादा हीरा सिंह मरकाम के वन टू टेन फार्मूला को आगे बढ़ाना है। घर-घर जाकर उनके विचारों को बताना है। इसके जरिए समाज के लोगों को जोड़ा जाएगा, ताकि वे पार्टी से जुड़ें। उन्होंने मंच से गोंड़ समाज के लोगों को एकजुट होने की बात कही। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सत्ता बदलने की जरूरत है। हमें न कमल चाहिए न कांग्रेस सिर्फ गोंडवाना राज्य चाहिए। बैठक की अध्यक्षता सुजान सिंह उइके ने की। इस अवसर पर कटघोरा ब्लॉक से अनूप मरावी, रामखिलावन उइके, गुलाब सिंह पोर्ते, प्रकाश कोर्राम, रवि शरण ओरकेरा, राम प्यारी ध्रुव, भारती नेताम, रजनी महिलांगे, अमरीका बाई जोशी, कुसुम मरकाम, शशि श्याम, विमला आयाम, सुमिरिता नेटी आदि उपस्थित रहे।

ranjan photo
Admin

Spread the word