July 2, 2024

भाजपा अध्यक्ष राजीव सिंह प्रशासन के एजेंट की तरह कर रहे काम : महापौर

प्रेसवर्ता में राजकिशोर प्रसाद ने लगाया आरोप, कहा- उनका अपना कोई एजेंडा नहीं
कोरबा। रविवार को तिलक भवन प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि कोरबा शहर में भारी वाहनों के बढ़ते दबाव, उससे होने वाले प्रदूषण एवं सड़क दुर्घटनाओं से कोरबा की जनता को निजात दिलाने के उद्देश्य से कोरबा शहर से बाहर नए ट्रांसपोर्ट नगर बनाये जाने की परिकल्पना भाजपा शासन के दौरान की गई। वर्ष 2016-17 में जनप्रतिनिधियों की व्यापक बैठक आयोजित की गई थी। इसमें तत्कालीन कलेक्टर मोहम्मद अब्दुल केशर हक व तत्कालीन सांसद बंशी लाल महतो भी उपस्थित रहे। इस सर्वदलीय बैठक में कोरबा के विधायक व वर्तमान राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने रूमगरा में नया ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। अंतत: डॉ. बंशीलाल महतो ने बरबसपुर को ही प्राथमिकता दी और सर्वसम्मति इस स्थान को चयनित कर लिया गया। भाजपा शासन काल में ही बरबसपुर में स्थापित किये जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
महापौर राजकिशोर ने कहा कि दरअसल भाजपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह पैराशुट अध्यक्ष हैं। जमीनी स्तर पर उन्होंने कभी काम नहीं किया है, इसलिए उन्हें भाजपा शासनकाल में प्रमुख निर्णयों की ही उन्हें जानकारी नहीं है। वह केवल प्रशासन की ओर से तैयार की गई स्क्रिप्ट मीडिया के सामने पढ़ते हैं। इसके पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों के बचाव में मैदान में उतर चुके हैं। जनहित के मुद्दों में जनता के लिए काम करने की जगह प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ की कठपुतली बन कर रह गये हैं। प्रशासन के एजेंट की तरह काम करने की जगह जनता के हित की बात करें। मेरा सवाल है कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि जब कभी भी प्रशासनिक अधिकारियों की जनविरोधी कार्यों का विरोध किया जाता है तो भाजपा अध्यक्ष उनके साथ खड़े नजर आते हैं। रहा सवाल बरबसपुर में जमीन खरीदी का तो करीब 6 साल पहले बरबसपुर स्थल प्रस्तावित है। सैंकड़ों ट्रांसपोर्टर, व्यावसायी वर्ग स्वाभाविक तौर पर बरसबसपुर क्षेत्र में जमीन खरीदा है, तो इसमें गलत क्या है? हम तो यह कहते हैं क्या डॉ. राजीव सिंह ने झगरहा क्षेत्र में जमीन खरीद रखा है इसलिए प्रशासन की वकालत कर रहे हैं। कहीं ऐसा तो नहीं प्रशासन ने उन्हें झगरहा में जमीन देने का वादा कर दिया हो। राजीव सिंह, उनके साथियों के अलावा अन्य भाजपा नेता भी यही चाहते हैं कि प्रस्तावित बरबसपुर में नया ट्रांसपोर्ट नगर बने इसकी वजह भी लाजिमी है। 2 से 3 साल का वक्त प्रशासनिक प्रक्रिया में लग चुका है। स्थल बदलने पर नये सिरे से प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करनी पड़ेगी। इसमें फिर वक्त लगेगा। उससे भी कहीं ज्यादा चिंता की बात यह है कि झगरहा में प्रशासन जिस स्थल को वैकल्पिक चयनित बता रही वहां करीब 70 प्रतिशत वन भूमि है। ऐसे में नया ट्रांसपोर्ट नगर को लंबे समय के लिए लटकाने की कोशिश की जा रही है इसे हम सफल होने नहीं देगें। झगरहा में पहले से ही आईटी कॉलेज संचालित है, साथ ही हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी व मेडिकल कॉलेज भवन बनना प्रस्तावित है। रिस्दी चौक तक मकानें बन चुकी हैं। झगरहा अब रिहायशी में शामिल हो चुका है। ऐसे में इस स्थल में नया ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जाना किसी भी तरह से उपयुक्त नहीं लगता है।
सभी विभागों से मिल गए हैं अनापत्ति प्रमाण पत्र
महापौर राजकिशोर ने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैंनेजमेंट के लिए नगर निगम को 72.91 एकड़ भूमि आबंटित है इसमें 40.36 एकड़ नये ट्रांसपोर्ट नगर के लिए चिन्हित किया गया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग में यह शामिल है। एसईसीएल, वन विभाग, पीडब्ल्यूडी समेत सभी महत्वूपर्ण विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल चुका है। इसके अलावा आम ईश्तहार के माध्यम से दावा आपत्ति मंगाकर उनका निराकरण भी कराया जा चुका है। प्रमुख बात यह है कि द्वितीय चरण के लिए भी पर्याप्त कचरा निपटान का प्रक्रिया बदल चुकी है, इसलिए जल्द शेष भूमि भी रिक्त हो जाएगा इसलिए बरबसपुर में नया ट्रांसपोर्ट नगर बेहतर व सुव्यवस्थित है।
मुख्यमंत्री भी कर चुके हैं प्रोजेक्ट की घोषणा
महापौर राजकिशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कोरबा प्रवास के दौरान बरबसपुर को नया ट्रांसपोर्ट नगर बनाये जाने की घोषणा की थी, इसलिए इस प्रोजेक्ट जनहित में पूरा किया जाना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी अंडगा क्यूं लगा रहे हैं यह समझ से परे है।
राजीव सिंह प्रशासनिक अधिकारियों की दलाली बंद करें
जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा की शहर अध्यक्ष सपना चौहान ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष राजीव सिंह केवल प्रशासनिक अधिकारियों की दलाली में मशगूल हैं। उनका क्षेत्र के विकास से कोई लेना देना नहीं है। इसके पहले तत्कालीन कलेक्टर रानू साहू की दलाली उन्होंने की और अब वर्तमान कलेक्टर की चाटुकारता कर रहे हैं। बेहतर होगा कि जनता की हित की बात करें, विकास के लिए काम करें। वरना जनता उन्हें समय आने पर सबक सिखाएगी। बरबसपुर में नया ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित किया जाना जनहित का निर्णय है ।
ननकी राम भी सीख लें राजस्व मंत्री से जनहित में प्रशासन में दबाव बनाने का तरीका
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला समन्वयक फूल सिंह राठिया ने कहा कि रामपुर विधायक ननकीराम क्षेत्र के लिए खुद तो विकास कार्य नहीं करते और जो काम कांग्रेस सरकार में हो रहा उस पर भी अडंगा डालते हैं। राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जनहित के मामले में प्रशासन पर दबाव बनाते हैं। इससे ननकीराम को कुछ सीख लेना चाहिए, ताकि प्रशासन पर दबाव बनाकर आदिवासी भाई-बहनों के लिए कुछ विकास कर सकें। दुख तो इस बात का है ननकीराम दबाव तो बनाते हैं सिर्फ अपने निजी कार्यों के लिए। इस क्षेत्र का विकास अब तक नहीं हो सका। आदिवासी वर्ग को मूलभूत सुविधाएंं भी नहीं मिल पा रही।

Spread the word