July 4, 2024

टांगी से हमला कर पति ने की पत्नी की हत्या

0 आए दिन होता था विवाद, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। खाना परोसने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटनाक्रम को 10 वर्षीय बेटी भी देख रही थी। मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।
सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत नर्सरी पारा कोहड़िया में योगेंद्र श्रीवास (38) अपनी पत्नी मंजीता श्रीवास और दो बच्चों के साथ निवास करता था। वह एक निजी अस्पताल में बतौर कंपाउंडर कार्यरत है। पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे योगेंद्र अस्पताल से घर पहुंचा। उसने थोड़ी देर बाद पत्नी से खाना परोसने कहा। पत्नी मंजीता ने खाना परोसने की बजाय विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर योगेंद्र ने घर में रखे टंगिया से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर जा गिरी। घटना के दौरान दस वर्षीय पुत्री और आठ वर्षीय पुत्र मौके पर ही मौजूद थे। वे पिता की करतूत और मां की हालत देख बुरी तरह घबरा गए। घटना के एक घंटे बाद आरोपी पति ने रिश्तेदारों के अलावा डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। बच्चों ने भी आसपास के लोगों को मां की हत्या की बात बताई। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात अधिक हो जाने के कारण मकान को सील कर दिया। मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतका मंजिता का मायका जांजगीर जिले के मुलमुला क्षेत्र में है और 13 साल पहले कोहड़िया निवासी योगेंद्र के साथ उसकी शादी हुई थी। बस्तीवासियों की मानें तो पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों को अगर कोई समझाने जाए तो उससे भी योगेंद्र विवाद करता था। इस कारण से कोई नहीं जाता था। बस्ती में रहने वाली संतोषी ने बताया कि घटना के कुछ देर पहले ही मृतका की बेटी उसके पास आई थी और उसने बताया कि उसके पिता उसकी मां को टांगी से मारकर मौत के घाट उतार दिया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना की जा रही है। गौरतलब है कि सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत ही पंप हाउस में नुकीले औजार से गोद कर युवती की हत्या की गई थी। इसके कुछ ही घंटे बाद हुई कत्ल की दूसरी वारदात से शहर में सनसनी फैल गई।

Spread the word