July 7, 2024

भाकपा ने ज्ञापन सौंपकर कलेक्टर से की चर्चा, कार्रवाई का मिला आश्वासन

कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्टर से सौजन्य भेंट कर बीते 14 नवंबर एवं 25 नवंबर को दिए गए ज्ञापन के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर संजीव झा ने चर्चा उपरांत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
पार्टी की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कोरबा जिले के दूषित वातावरण के कारण आम जनजीवन को सांस लेना मुश्किल हो रहा है। इसका एक मुख्य कारण राखड़ का परिवहन ट्रकों से किया जाना है, उसे बलकर कैप्सूल से परिवहन किया जाए। जिले में सामान्य आवागमन हेतु तत्काल सिटी बस चालू किया जाए। रिंग रोड ढेंगुर नाला पुल, चेकपोस्ट ढेंगुर नाला पुल और परसाभाठा पुल काफी जर्जर हो गया है उसके जगह पर तत्काल दूसरे पुल का निर्माण किया जाए, या मरम्मत सुनिश्चित किया जाए। सभी सवारी ट्रेनों को समय से एवं गेवरा तक चलाया जाए। कोरबा के नगर निगम भदरापारा, बल्गी एवं सभी वार्डों की सड़क काफी खराब है उसे जल्द मरम्मत किया जाए। इंदिरा गांधी हॉस्पिटल में समय पर चिकित्सक बैठना सुनिश्चित किया जाए एवं सभी जेनेरिक दवाई उपलब्ध कराया जाए। परसाभाठा बजरंग चौक से रिसदा चौक तक ड्यूटी आते जाते समय नो एंट्री लगाया जाए। वार्ड क्रमांक 40 नेहरू नगर में बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइट का सुधार किया जाए। सफाई कर्मी, कचरा उठाने वाले श्रमिक को न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा जैसे पीएफ, ईएसआईसी के दायरे में लाया जाए। लंबे समय से निवासरत परिवारों को पट्टा दिया जाए। कोरबा क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत किया जाए। पूरे राज्य में शिक्षा चिकित्सा सबके लिए समान किया जाए। छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार अपने चुनावी वादे के अनुसार छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराब बंदी लागू करें। सौजन्य मुलाकात के दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कामरेड पवन कुमार वर्मा कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, जिला सहायक सचिव अनूप सिंह, बालकोनगर सचिव धर्मेंद्र सिंह, जिला परिषद सदस्य एस.के. सिंह, सुनील सिंह उपस्थित रहे।

Spread the word