October 5, 2024

ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर अंतरकलह आई सामने, अध्यक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव किया पारित

0 कांग्रेस की गुटबाजी हुई उजागर
कोरबा।
कांग्रेस में गुटबाजी एक बार फिर उजागर हो गई है। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही पार्टी के बीच चल रही गुटबाजी उभर गई है। संगठन के नेताओं बीच अंदरूनी कलह होने लगी है। मामला रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ब्लॉक कांग्रेस में पदाधिकारियों की नियुक्ति से जुड़ा हुआ है, जिसमें कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण से जारी सूची का विरोध किया गया है। ब्लॉक अध्यक्षों ने जारी सूची को खारिज कर अध्यक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण, करतला, बरपाली की संयुक्त बैठक 5 जुलाई को आयोजित हुई थी, जिसमें चर्चा की गई कि कुछ दिनों पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के तीनों ब्लॉक की जोन कांग्रेस कमेटी एवं सेक्टर कांग्रेस कमेटी की सूची सोशल मीडिया में जारी की। उपरोक्त सूची में शामिल नाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से नहीं दिया गया है और न ही किसी ब्लॉक के अध्यक्ष व ब्लॉक के किसी भी पदाधिकारियों ने उक्त नामों को अनुमोदन अथवा सहमति प्रदान किया है। ब्लॉक के अंतर्गत जोन कमेटी और सेक्टर कमेटी को गठित करने का अधिकार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का होता है। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अधिकार क्षेत्र हस्तक्षेप करते हुए अनाधिकृत रूप से यह कृत्य किया। संयुक्त बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित करने सोशल मीडिया में जारी सूची को मानने से इनकार करते हुए पुरानी सूची यथावत लागू किया, जिस पर संशोधन की आवश्यकता पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अपने अधिकारी क्षेत्र का उपयोग करते हुए पुन: निरीक्षण कर बदलाव की आवश्यकता होने पर बदलाव करने का निर्णय लिया। बैठक में यह बातें स्पष्ट हुई कि सुरेंद्र प्रताप जायसवाल ने किसी अन्य अनाधिकृत माध्यम से सूची प्राप्त कर जारी कर दी, जिससे उन्हें किसी विशेष रुचि का होना स्पष्ट होता है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने जिला अध्यक्ष के इस कृत्य पर निंदा प्रस्ताव पारित किया एवं इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ से करने का निर्णय लिया गया। ब्लॉक कोरबा ग्रामीण अध्यक्ष अजीत दास महंत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी करतला अध्यक्ष दौलतराम राठिया व बरपाली ब्लॉक अध्यक्ष हरकुमारी बिंझवार की ओर से लिए गए इस निर्णय का पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो गया है। इस पत्र ने कांग्रेस में चल रहे अंतरकलह की कलई खोल दी है। ब्लॉक अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष ग्रामीण के खिलाफ आ गए हैं। वहीं इस संबंध में जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी ग्रामीण सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल का कहना है कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। मैं इसमें मीडिया में बयान नहीं दे सकता। मामले से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया जायेगा।
0 रामपुर विधानसभा क्षेत्र में खिला है कमल
बीते विधानसभा चुनाव में रामपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया था। जिले की एकमात्र सीट पर कांग्रेस को यहां पराजय झेलनी पड़ी थी। अब विधानसभा क्षेत्र में जिला अध्यक्ष ग्रामीण और ब्लॉक अध्यक्षों के बीच चल रहे खींचतान ने एक बार फिर गुटबाजी को सामने लाया है। गुटबाजी से फिलहाल रामपुर सीट जीतना कतई आसान नहीं है। इस सीट पर भाजपा के कद्दावर आदिवासी नेता ननकीराम कंवर का कब्जा है, जो इस बार भी भाजपा की जीत सुनिश्चित करने पूरा जोर लगाएंगे। एक तरफ भाजपा जहां मोदी सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाकर चुनावी तैयारी में जुट गई है, वहीं कांग्रेस फिलहाल रामपुर सीट पर आपसी लड़ाई में दिखाई दे रही है।

Spread the word