October 10, 2024

हाथियों ने जिल्गा में डेढ़ दर्जन से अधिक ग्रामीणों की रौंदी फसल

कोरबा। वनमंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज में हाथियों का उत्पात फिर शुरू हो गया है। बीती रात धरमजयगढ़ वनमंडल से पहुंचे हाथियों के दल ने जिल्गा में भारी उत्पात मचाते हुए जहां डेढ़ दर्जन से अधिक ग्रामीणों की धान की खरीफ फसल को तहस-नहस कर दिया, वहीं दल से अलग हुए दंतैल ने गुरमा में बिजली के 3 खंभों को ध्वस्त कर दिया। इससे गांव अंधेरे में समा गया है। जिस समय दंतैल ने यहां विद्युत पोल को निशाना बनाया उस समय बिजली गुल थी। मौसम की खराबी के चलते लाइन बंद थी, जिसके कारण कोई नुकसान नहीं हुआ। यह कहा जा रहा है कि यदि खंभे में लाईन रहती और करंट रहता तो दंतैल को खतरा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार धरमजयंगढ़ वनमंडल में इन दिनों बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। क्षेत्र में सक्रिय हाथियों के झुंड से 13 हाथी सोमवार की रात अलग हुए और कोरबा वनमंडल की सीमा पर प्रवेश कर कुदमुरा रेंज के जिल्गा क्षेत्र में पहुंच गए हाथियों का दल यहां पहुंचते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिए। और लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक ग्रामीणों की खेतों में प्रवेश कर वहां लगे धान की फसल को रौंद दिया। उत्पात के दौरान एक दंतैल झुंड से अलग होकर गुरमा पहुंच गया। वहीं 12 हाथी कलमी टिकरा सर्किल के जोबा जंगल में पहुंच विश्राम करने लगे। गुरमा पहुंचे दंतैल ने यहां जमकर गुस्सा उतारा। इस दौरान एक के बाद एक बिजली के 3 खंभों को निशाना बनाते हुए ध्वस्त कर दिया। गनीमत यह रही कि जिस समय दंतैल ने विद्युत खंभों पर गुस्सा उतारा उस समय उसमें करंट नहीं था। मौसम खराब होने के कारण बिजली विभाग ने लाइन बंद कर दी थी। यदि खंभों में करेट होता तो हाथी की जान को खतरा हो सकता था। बताया जाता है कि यह दंतैल काफी खतरनाक व उत्पाती किस्म का है। धरमजयगढ़ क्षेत्र में भी काफी उत्पात मचा चुका है। दंतैल के उत्पात से क्षेत्रवासी परेशान थे। कुदमुरा रेंज में हाथियों के उत्पात मचाए जाने और भारी नुकसान की खबर पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचकर नुकसानी का आकलन शुरू कर दिया है। रेंजर पैकरा ने बताया कि हाथियों को लेकर वन विभाग सर्तक है। हाथियों की मौजदूगी वाले क्षेत्र में मुनादी करा कर ग्रामीणों को सर्तक किया जा रहा है। उधर कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में खतरनाक दंतैल अभी भी रानी अटारी क्षेत्र में विचरण रत है। खतरनाक हाथी के विचरण करने से खतरा बढ़ गया है। पसान रेंज के जल्के सर्किल के खड़िया पारा में भी हाथियों का एक दल पहुंचकर आधा दर्जन किसानों की फसल को रौंदने के बाद केंदई रेंज अंतर्गत कोरबी सर्किल पहुंच गया। इस दल में 39 हाथियों की संख्या बतायी जा रही है।

Spread the word