April 11, 2026

डंपर का टायर ब्लास्ट होने से कैंपर के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त

0 दीपका खदान में हादसा, गाज गिरने की है चर्चा
कोरबा।
एसईसीएल की खदानों में हादसों का क्रम जारी है। इसी कड़ी में दीपका खदान में 240 टन क्षमता वाले डंपर का एक के बाद एक तीन टायर ब्लास्ट होने से कैंपर वाहन के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि प्रबंधन की ओर इसकी अधिकृत पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं इस मामले में गाज गिरने के कारण घटना होने की बात चर्चा की विषय बनी हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसईसीएल की दीपका खदान के डंपर के पार्किंग यार्ड में 240 टन क्षमता के डंपर को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात 11.50 बजे 240 टन क्षमता के डंपर क्रमांक 1135 में तकनीकी खराबी आ गई थी। सुधार कार्य के लिए अधिकृत कंपनी के कर्मी कैंपर वाहन क्रमांक सीजी 12 बीजे 2545 में सवार होकर स्थल पर पहुंच सुधार कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वर्षा होने लगी। तब सभी उससे बचने के लिए वे छिप गए। कैंपर वाहन में तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान डंपर का एक टायर ब्लास्ट हुआ, इसके एक मिनट दूसरा तथा तीन मिनट बाद तीसरा टायर ब्लास्ट हो गया। तेज आवाज से हुए ब्लास्ट के कारण दूर खड़ी कैंपर वाहन के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दरवाजा टूट गया और सामने का कांच फूट गया। घटना में वाहन में सवार तीन युवक रमेश, राम व निर्मल घायल हो गए। वर्षा बंद होने के बाद आनन फानन में तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं डंपर से कुछ दूर पर दो अन्य डंपर भी खड़े हुए थे, उनके कांच भी फूट गए। बताया जा रहा है कि घटना के बाद कैंपर वाहन, डंपर से लगभग 15 फीट दूर खड़ी थी। यदि डंपर के पास खड़ा होता तो निश्चित ही गंभीर दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता था।

ranjan photo
Admin

Spread the word