October 5, 2024

पंजाब से लौटे मजदूर ने फांसी लगाकर की खुदकुशी

कोरबा। रोजी मजदूरी करने वाले एक ग्रामीण की लाश उसके ही घर के अंदर कमरे में फांसी के फंदे पर लटकती हुई मिली। परिजनों को जैसे पता चला चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा।
गोढ़ी निवासी 36 वर्षीय त्रिलोक गेंदले 15 दिन पहले ही पंजाब से कोरबा अपने गृहग्राम आया हुआ था, जिसकी लाश उसके ही कमरे के अंदर म्यांर पर लटकती हुई मिली है। मृतक के बड़े भाई विष्णु कुमार गेंदले ने बताया कि तीन भाइयों में त्रिलोक दूसरे नंबर का था। पिछले दो साल से पति-पत्नी दोनों पंजाब ईंटभट्ठा में काम करने जा रहे थे। इस वर्ष भी पंजाब काम करने गए हुए थे। मृतक के तीन बच्चे हैं। एक लड़का और दो लड़की। बताया जा रहा है कि लड़का साथ गया हुआ था। दोनों लड़की मौसी के पास रहती हैं। दोनों अभी छोटी हैं। त्रिकोल 15 दिन पहले ही पंजाब से अकेले गृह ग्राम आया हुआ था। उसकी पत्नी पंजाब में ही है। पिता के आने के बाद उसकी बड़ी बेटी मौसी के घर से वापस गोढ़ी आई हुई है। गुरुवार की सुबह 11 बजे उसकी बेटी खाना बना रही थी। इस दौरान बेडरूम का कमरा बंद मिला। उसकी बेटी देखी तो फांसी के फंदे पर उसके पिता लटके हुए थे। इसके बाद बेटी शोर मचाने लगी, तब परिजन आए। मामले की जानकारी मिलते ही सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की मानें तो मृतक के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Spread the word