July 7, 2024

जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में प्रचार ने पकड़ा जोर, अधिकृत प्रत्याशियों की हुई घोषणा

कोरबा। आखिरकार अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही जिला अधिवक्ता संघ कोरबा के चुनावी मुकाबले का ऐलान हो गया। नामांकन जांच के पश्चात् शुक्रवार को पात्र प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। सूची में अध्यक्ष पद की चेयर हासिल करने चार खिलाड़ियों ने मैदान में आमद दे दी है। इनमें अधिवक्ता अब्दुल रहमान, धनेश कुमार सिंह, गणेश कुलदीप व सुधीर कुमार निगम ने मैदान संभालते हुए चुनौती पेश की है।
अध्यक्ष के अलावा सचिव पद पर भी चार प्रतिस्पर्धी चुनावी रण में हैं। इनमें नूतन सिंह ठाकुर, प्रशांत कुमार धुर्य, रघुनन्दन सिंह ठाकुर और सुनील यादव के बीच घमासान मुकाबले देखने को मिलेंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी गोपी कौशिक ने जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव वर्ष 2024-26 के लिए नामांकन फार्म की जांच पश्चात् पात्र प्रत्याशियों की सूची प्रकाशन 29 मार्च को किया है। इसके अनुसार उपाध्यक्ष वरिष्ठ (पुरुष) के लिए अनीष कुमार सक्सेना, बद्री प्रसाद मोदी, नरेश कुमार साहू और संदीप प्रजापति के बीच मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष कनिष्ठ (महिला) के लिए राजेश्वरी राठौर, शिवकुमारी कंवर, उत्तरा राठौर मैदान में हैं।
सहसचिव पद पर बालक राम बरेठ, नंद किशोर पासवान, राजू कुमार देवांगन मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद पर कब्जा करने सौरभ अग्रवाल, अमर नाथ कौशिक, सुनील कुमार सोनवानी के मध्य, ग्रंथालय सचिव पद के लिए कमलेश कुमार श्रीवास, क्रांति कुमार श्रीवास, राजकुमार यादव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद के लिए लक्ष्मण प्रसाद पटेल व सुरेश कुमार महंत के बीच मुकाबले होंगे।
इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए अब्दुल नफीस खान, छतराम साहू, ज्योति वर्मा, खेम लाल किशोर, प्रवीण कुमार राठौर, रामेश्वर सिंह कंवर, रीता पुलस्त, रोमेश सिंह ठाकुर व शिल्पा दांडेकर चन्ने समेत कुल नौ लोग मैदान में हैं। प्रत्याशी जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हैं।

Spread the word