July 4, 2024

ओछी राजनीति पर उतर आए हैं कांग्रेसी : विष्णुदेव साय

0 रामपुर विधानसभा क्षेत्र के करतला में मुख्यमंत्री आमसभा को किया संबोधित
कोरबा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के करतला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा का अच्छा वातावरण है। जनता पीएम मोदी के 10 साल का काम देख चुकी है। छत्तीसगढ़ सरकार ने भी तीन माह में जो काम किए हैं उससे जनता का विश्वास बढ़ा है। कांग्रेस को हार स्पष्ट दिखाई दे रही है, इसलिए वे ओछी राजनीति पर उतर आए हैं।
साय ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हर वर्ग के लिए योजना बनाई है। प्रधानमंत्री एक गरीब के बेटे हैं। गरीब ही गरीब की दुख तकलीफ समझता है। प्रधानमंत्री 140 करोड़ जनता को अपना परिवार मानते हैं। 10 साल के कार्यकाल में खाते खोले, बिजली, पानी घर-घर तक पहुंचाया, शौचालय बनवाए, गैस सिलेंडर देने का काम किया। देश को अब आर्थिक रूप से तीसरी ताकत बनाना है। भाजपा सबका साथ सबका विकास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार आदिवासियों की हितैषी है। लंबे समय से छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग उठती रही और बीजेपी ने आदिवासियों का सम्मान बढ़ाते हुए इस बार आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया। नरेंद्र मोदी ने आदिवासी समाज से देश का राष्ट्रपति बनाने का सौभाग्य दिया। केंद्र की मोदी सरकार ने आदिवासियों को शासन की योजना का लाभ दिलाया।
अब समय आ गया है आदिवासी समाज अपना कर्तव्य निभाएं। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए लोकसभा के साथ प्रदेश के 11 सीट जीताकर दें। उन्होंने कहा कि कई भ्रष्टाचार के मामलों में जांच चल रही है। समय आ जाएगा तो गिरफ्तारी भी होगी। जनसभा में वनमंत्री केदार कश्यप, श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, सरोज पांडेय, शकुंतला कंवर, डॉ. राजीव सिंह, राजेंद्र पांडेय सहित अन्य मंचस्थ रहे।

Spread the word