July 4, 2024

कोरबा में झुलसा रही गर्मी, पारा रहा सर्वाधिक

कोरबा। चंद दिन राहत के अब एक बार फिर जिले का अधिकतम तापमान बढ़ोतरी पर है। दिन का पारा दो डिग्री बढ़कर 43.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसी तरह रात के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की वृद्धि हो गई। दिनभर धूप व बादल आते-जाते रहे। भले ही धूप थोड़ी कम लगी, लेकिन उमस ने बेचैन किया।
मौसम विभाग के अनुसार आगे भी मौसम के करवट लेने की संभावना है, जिससे कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश संभावित है। इसके अलावा अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ते क्रम में रहेगा। बारिश होने की गतिविधियां भी बढ़ने की संभावना है। एक साइक्लोन मध्यप्रदेश के ऊपर बना हुआ है, जो छत्तीसगढ़ के मौसम को परिवर्तित करेगा। इससे प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह और शाम को बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश में अभी सर्वाधिक तापमान कोरबा में 43.3 डिग्री दर्ज हुआ है, जबकि रायगढ़ 39.9 और बेमेतरा 39.6 डिग्री के साथ खूब तप रहे हैं। अन्य जिलों का अधिकतम तापमान फिलहाल 40 डिग्री के नीचे बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर से जारी हुए वेदर फोरकास्ट के मुताबिक हफ्ते भर में जिले का अधिकतम दोबारा बढ़ने की संभावना है। वेदर फोरकास्ट के मुताबिक हर दिन इसमें एक से दो डिग्री की वृद्धि संभावित है। इस बीच सुबह और शाम को बादल भी छाए रहेंगे, वहीं कुछ हिस्सों में तेज धूप से बनने वाले सिस्टम से बूंदाबांदी भी संभावित है।

Spread the word