March 27, 2026

घर के पीछे बाड़ी में फंदे से लटकी मिली लाश

0 हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा।
शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुरपा रोड में एक व्यक्ति के घर के पीछे स्थित बाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश फांसी के फंदे पर लटकती मिली। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना सिटी कोतवाली पुलिस और डायल 112 को दी। पुलिस ने शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात व्यक्ति की हत्या हुई है या आत्महत्या की गई है, पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दुरपा रोड निवासी सीताराम शाह के घर के पीछे हिस्से में बाड़ी है। सोमवार की शाम को घर के पीछे बाड़ी में किसी काम से गई सीताराम शाह की पत्नी चीख पड़ी जब उसने बीही के पेड़ पर नायलोन की रस्सी में किसी अज्ञात व्यक्ति को फांसी पर लटके देखा। वह भागकर बाहर आई और आसपास के लोगों को बताया। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पहुंची। बताया जा रहा है कि सीताराम शाह के घर के पीछे हिस्से में बने बाड़ी में सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल बनाया गया है, जिसकी ऊंचाई कम है। इसके पीछे गेवरारोड-चांपा रेलखंड की रेल लाइन बिछी हुई है। व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। व्यक्ति के गले में फांसी का फंदा है और उसके दोनों घुटने जमीन पर है। ऐसा माना जा रहा है कि उसने रेलवे लाइन की तरफ से आकर या तो खुदकुशी की है या फिर इसे आत्महत्या का शक्ल देने की कोशिश हुई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस कोशिश कर रही है। आसपास मुनादी कराने के साथ ही सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है, ताकि उसकी पहचान हो सके और मौत का वास्तविक कारण का पता चल सके।

ranjan photo
Admin

Spread the word