March 27, 2026

संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में अखंड नवधा रामायण यज्ञ का आयोजन

कोरबा। करतला ब्लॉक के वनांचल ग्राम नवापारा (घिनारा) में ग्रामीणों ने सार्वजनिक संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में अखंड नवधा रामायण यज्ञ का आयोजन किया।
यज्ञाचार्य पं गजानन दुबे ने कहा कि रामचरित मानस के आरण्यकाण्ड में नवधा भक्ति का वर्णन मिलता है। श्रीराम जी ने शबरी को नवधा भक्ति का उपदेश किया। उन्होंने कहा था कि भक्ति नौ प्रकार की होती है। संतों की संगति अर्थात सत्संग, श्रीराम कथा में प्रेम, गुरुजनों की सेवा, निष्कपट भाव से हरि का गुणगान, पूर्ण विश्वास से श्रीराम नाम जप, इंद्रिय दमन तथा कर्मों से वैराग्य, सबको श्रीराममय जानना, यथालाभ में संतुष्टि तथा छल रहित सरल स्वभाव से हृदय में प्रभु का विश्वास इस प्रकार से समझाया है। इस आयोजन में दूर दराज से श्रद्धालु भक्त, श्रोता, मानस भजन मंडली, मानस प्रवक्ता पहुंच कर अपनी कला कौशल का प्रस्तुतिकरण किया। संध्याकालीन महाआरती में श्रद्धालुओं ने भक्तों का जोश उत्साह बढ़ाया। आरती पूजन पश्चात प्रसाद वितरित किया गया।
विधायक रामपुर विधासभा क्षेत्र फूल सिंह राठिया ने भी नवधा रामायण कार्यक्रम में उपस्थित होकर लोगों को भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने प्रेरित किया। यज्ञाचार्य पं गजानंद दुबे, पं. गीता प्रसाद मिश्रा एवं पं. जयलाल प्रसाद पांडे, पं. तोयम दुबे, श्रीकेशन महाराज ने पूजन कार्य कराया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर ननकीराम कंवर पूर्व विधायक ने शामिल होकर हवन पूजन में भाग लिया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा का आयोजन किया गया।

ranjan photo
Admin

Spread the word