February 4, 2026

मौसम परिवर्तन से बढ़े सर्दी-खांसी और वायरल के मरीज, आयुर्वेदिक काढ़ा बना सहारा


छुरीकला। क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश और मौसम में हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। बदलते मौसम के कारण सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
स्थानीय शासकीय आयुर्वेद औषधालय में डॉ. पुष्पलता भगत द्वारा मरीजों को निःशुल्क आयुर्वेदिक उपचार दिया जा रहा है। जड़ी-बूटियों से निर्मित विशेष काढ़ा भी मरीजों को पिलाया जा रहा है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। डॉ. भगत ने बताया कि बदलते मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे लोग तेजी से वायरल बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं।
उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक दवाएं रोग का मूल कारण नष्ट करती हैं और शरीर में मौजूद त्रिदोष वात, पित्त और कफ को संतुलन में लाने में सहायक होती हैं। आयुर्वेदिक काढ़ा विशेष रूप से इसी उद्देश्य से तैयार किया गया है और इसका सेवन रोगियों को राहत दे रहा है।
बारिश और उमस भरे वातावरण के बीच बार-बार बदलता मौसम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है, ऐसे में आयुर्वेदिक उपचार ग्रामीणों के लिए एक प्रभावी और सुलभ विकल्प साबित हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग शासकीय आयुर्वेद औषधालय पहुंचकर इसका लाभ ले रहे हैं।

ranjan photo
Admin

Spread the word