गांव में धू-धू कर जला पैरावट, मारुति कंपनी ने बुझाई आग

0 दमकल विभाग की देरी से बढ़ी अफरा-तफरी 0 30 हजार का नुकसान
हरदीबाजार। थाना हरदीबाजार क्षेत्र अंतर्गत भाटापारा रेकी चौक में रविवार देर शाम करण अहीर पिता बलदेव अहीर के पैरावट में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पीड़ित करण अहीर ने तत्काल थाना हरदीबाजार में घटना की जानकारी दी। पुलिस ने एसईसीएल दीपका एवं गेवरा दमकल विभाग को फौरन सूचना दी, लेकिन दोनों स्थानों से दमकल वाहन समय पर नहीं पहुंच पाए।

करीब एक घंटे की प्रतीक्षा के बावजूद दमकल विभाग के न पहुंचने से पैरावट धू-धू कर जलता रहा, वहीं चारों ओर बने मकानों में रहने वाले परिवारों में दहशत फैल गई। लोग अपने बच्चों को लेकर घरों से बाहर निकल आए और आग फैलने की आशंका बनी रही। स्थिति गंभीर होती देख बांधाखार जीटीपी मारुति कंपनी का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से आसपास के आवासीय मकानों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया। पीड़ित करण अहीर ने बताया कि वे यादव समाज से हैं और घर में गाय, बैल व बछड़ों के लिए चारा रखने हेतु लगभग 4.5 एकड़ का पैरावट जमा किया गया था। आग लगने से करीब 30 हजार मूल्य का पैरावट पूरी तरह जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि नजदीक ही एसईसीएल दीपका एवं गेवरा होने के बावजूद दमकल का समय पर न पहुंचना बेहद निराशाजनक है। इस लापरवाही से आक्रोशित पीड़ित ने थाना हरदीबाजार में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।