हरदीबाजार में नापी कार्य आई तेजी

0 200 से अधिक मकानों और भूखंडों का सर्वे पूरा
कोरबा। दीपका खदान विस्तार के लिए घोषित हरदीबाजार में नापी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक 200 से अधिक मकानों और भूखंडों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। एसईसीएल अधिकारियों के अनुसार, शेष परिसंपत्तियों की नाप-जोख भी जल्द पूर्ण कर ली जाएगी, ताकि आगे की प्रक्रियाएँ बिना किसी बाधा के समयबद्ध ढंग से पूरी हो सकें।
एसईसीएल दीपका क्षेत्र में खदान विस्तार परियोजना को गति देने के लिए सर्वे कार्य लगातार तेज किया जा रहा है। इसी कड़ीं में दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा ने हरदी बाजार और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीन एवं मकानों की नाप-जोख कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक संजय कुमार मिश्रा सर्वे टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और मकानों की नापी कार्य की सटीकता सुनिश्चित करवाई। नापी पूर्ण होने के उपरांत उन्होंने संबंधित दस्तावेज सीधे प्रभावित परिवारों को सौंपे। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों और भू-स्थापितों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, सुझाव एवं प्रमुख मांगों को सुना। स्थानीय लोगों ने पुनर्वास, मुआवजा, मकान आवंटन तथा रोजगार से जुड़ी अपनी अपेक्षाओं को एसईसीएल प्रबंधन के समक्ष रखा। महाप्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि सभी उचित एवं पात्र मांगों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी परिवार को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खदान विस्तार कार्यों में पारदर्शिता और संवेदनशीलता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। एसईसीएल प्रबंधन का कहना है कि जिला प्रशासन के सहयोग से सर्वे और पुनर्वास से जुड़े कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जा रहे हैं। दीपका खदान का विस्तार न केवल जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा, बल्कि स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक प्रगति को भी बढ़ावा देगा। इसी उद्देश्य के तहत मैदानी स्तर पर लगातार तेज और प्रभावी प्रयास जारी है।