उतरदा स्वामी आत्मानंद विद्यालय में मासिक गतिविधि प्रतियोगिता संपन्न


पाली । ब्लॉक के ग्राम उतरदा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप सदनवार मासिक गतिविधि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में व्यक्तित्व विकास, सृजनशीलता, अनुशासन और सहयोग भावना को बढ़ावा देना रहा। अरपा सदन द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, महानदी सदन द्वारा ज्ञान दीवार, हसदेव सदन द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियाँ तथा शिवनाथ सदन द्वारा अनुशासन एवं प्रार्थना संचालन की जिम्मेदारी निभाई गई।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच प्रतिनिधि सुंदर मरावी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित रहकर विद्यालय की पहल की सराहना की। प्रतियोगिता का मूल्यांकन पी.पी. अंचल, वंदना लहरे, अनीता मानिकपुरी, शीलू ध्रुव और संदीप सूर्यवंशी ने किया। संस्था प्रमुख जी.पी. लहरे और सदन गतिविधि संचालक राकेश टंडन ने बताया कि ऐसी गतिविधियाँ बच्चों में नेतृत्व, टीमवर्क और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।

1210
Ranjan Prasad

Spread the word