अनियंत्रित कार पुल से गिरी, आग लगने से दो युवकों की दर्दनाक मौत

कोरबा। जिले के सरहदी क्षेत्र मदनपुर में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 4 बजे बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के पास उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल से नीचे गिरते ही कार में अचानक भीषण आग लग गई। वाहन में सवार दोनों युवक बाहर निकलने का प्रयास भी नहीं कर सके और देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। आग की लपटों में घिरने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
मृतकों की पहचान गोपाल चंद्र डे (42 वर्ष) पिता मानिक चंद्र डे एवं अरुण सेन (36 वर्ष) पिता बनारसी लाल सेन के रूप में हुई है। दोनों मृतक बिलासपुर शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी खुर्द के निवासी बताए गए हैं। हादसे के समय वे वाहन क्रमांक सीजी 10 बीएफ 1673 में सवार थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बिलासपुर से विश्रामपुर स्थित तातापानी महोत्सव में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान मदनपुर के पास कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को वाहन से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तत्काल मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है। एक ही वाहन में सवार दोनों युवकों की इस तरह दर्दनाक मौत से क्षेत्र में गहरा दुख देखा जा रहा है।

फिलहाल बांगो पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं, वाहन की गति, तकनीकी खराबी एवं अन्य कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है।