August 19, 2024

माया-जोगी की सभा में नजर आया नीला-गुलाबी समंदर

न्यूज एक्शन। छत्तीसगढ़ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और जकांछ गठबंधन का चुनावी आगाज हो गया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती और अजीत जोगी ने बिलासपुर में बड़ी रैली को संबोधित किया। दोनों बड़े नेताओं ने गठबंधन की ताकत दिखा दी है। बताया जा रहा है कि सभा में लगभग ढाई से तीन लाख कार्यकर्ता पहुंचे थे। सभा स्थल पर नीला और गुलाबी समंदर नजर आया। कार्यकर्ता नीले व गुलाबी टोपी तथा गमछे के साथ सभा स्थल में पहुंचे थे। लिहाजा नीला और गुलाबी रंग न्यायधानी में सबाब पर रहा।

बहुजन समाज पार्टी और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के बीच हुए गठबंधन के बाद पहली बार दोनों दलों के सुप्रीमो मायावती और अजीत जोगी ने मंच सांझा किया। सार्वजनिक मंच से दोनों नेताओं ने छत्तीसगढ़ में अपनी पार्टी की सरकार बनाने हुंकार भरी। कोरबा से जकांछ-बसपा के लगभग 25 हजार कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर गठबंधन की ताकत दिखाने की बात कही जा रही है। पार्टी नेताओं के अनुसार इसमें जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बसपा के कार्यकर्ता शामिल है। हालांकि पिछले कई दिनों से इसकी तैयारी भी दोनों पार्टी के स्थानीय नेताओं द्वारा की जा रही है। बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में प्रदेश स्तरीय जकांछ और बसपा का प्रदेश स्तरीय संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया है। कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा प्रमुख मायावती और जकांछ सुप्रीमों अजीत जोगी भी शामिल हुए और दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। कोरबा जिले से सम्मेलन से भाग लेने के लिए बसपा और जकांछ के कार्यकर्ताओं का समूह सुबह विभिन्न निजी वाहन, बस एवं टे्रन द्वारा रवाना हुआ। उनकी संख्या पार्टी नेताओं की दावे के अनुसार 25 हजार से अधिक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कार्यकर्ता बिलासपुर रवाना हुए थे। लगभग 65 वाहनों में कार्यकर्ताओं के बिलासपुर रवाना होने की खबर है।
—-

Spread the word