आजादी का अमृत महोत्सव : एन सी सी के गणतंत्र दिवस शिविर में 25 देशों के केडेट्स लेंगे हिस्सा

नईदिल्ली 11 सितम्बर। आजादी के अमृत महोत्सव के मौके के पर एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर में इस बार 25 देशों के कैडेट्स हिस्सा लेने जा रहे हैं। एनसीसी के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब 25 देशों के कैडेट भारत गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंने आएंगे। हालांकि भारत आने के लिए इन युवाओं को पहले प्रतिस्पर्धा करनी होगी। जानते हैं कितने युवाओं को मिलेगा भारत आने का मौका और क्या है उनके चयन की प्रक्रिया…
इन 25 देशों के कैडेट्स होंगे शामिल
राष्ट्रीय कैडेट कोर यानि एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर 2022 समारोह में हिस्सा लेने के लिए सभी 6 महाद्वीपों के 25 देशों के कैडेट और युवाओं को आमंत्रित किया जा रहा है। इनमें से पहली बार 15 देशों में यूएसए, कनाडा, यूके, फ्रांस, जापान, ओमान, यूएई, ब्राजील, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, मॉरीशस, मोजाम्बिक, नाइजीरिया, सेशेल्स से युवा प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा।
इसके अलावा, जो 10 देश हैं उनमें बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, रूस, कजाकिस्तान, सिंगापुर, किर्गिज गणराज्य, श्रीलंका, मालदीव, वियतनाम होंगे। इनके साथ एनसीसी का पहले से ही युवा कार्यक्रमों का आदान-प्रदान होता रहा है।
15 से 30 जनवरी 2022 तक रहेंगे भारत
ये भारत की आजादी के 75 साल के मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में 15 से 30 जनवरी 2022 तक भारत में रहेंगे।
पहले 10 देश लेते थे हिस्सा
रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार बताते हैं कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस कैंप, जो एनसीसी का एक साल का सबसे महत्वपूर्ण कैंप है, उसमें जो विदेशी प्रतिभागी आते हैं, उन्हें लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया है। हर बार इसमें 10 देश हिस्सा लेते थे, 75वें साल के उपलक्ष में इस संख्या को बढ़ा दिया गया है और 25 देश हिस्सा लेंगे। इसमें सभी महाद्वीपों में से देश शामिल होंगे।
25 देशों के कैडेट को चयन प्रक्रिया से होगा गुजरना
भारत में आने के लिए 25 देशों के कैडेट और युवाओं को एनसीसी द्वारा चयनित की जाने वाली चयन प्रक्रिया के आधार पर चयनित होने के लिए प्रतिस्पर्धा करनी होगी, जिसमें भारत की जानकारी, भारत के 75 वर्षों की उपलब्धियां और भारत के संस्कृति के बारे में उनकी जानकारी के आधार पर चयन किया जाएगा।
25 देशों में होगी क्विज प्रतियोगिता
इस बारे में एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल तरुण कुमार आइच बताते हैं कि कैडेट्स का चयन उन्हीं के देश में किया जाएगा। 25 देशों में हमारी तरफ से एक क्विज प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रही है। ये क्विज प्रतियोगिता भारत के बारे में , जिसमें भौगोलिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, लोगों के बारे में और 75 साल में उपलब्धि पर एक क्विज पेपर बनाया जाएगा। हमारे एंबेसी और डिफेंस अटैची के साथ उस देश के यूथ ऑर्गेनाइजेशन के साथ प्रतियोगिता करवाएंगे और मेरिट लिस्ट के अनुसार 10-10 कैडेट सभी देशों से चुने जाएंगे।
ऐतिहासिक-सांस्कृतिक स्थानों के दौरे की भी योजना
कोरोना महामारी के तमाम दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए, कार्यक्रम के तहत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के विभिन्न स्थानों के दौरे की भी योजना बनाई गई है। कैडेटों को योग और आयुर्वेद जैसी गतिविधियों से भी अवगत कराया जाएगा।
गौरतलब हो कि एनसीसी का गणतंत्र दिवस शिविर, एनसीसी का सबसे बड़ा प्रतिष्ठित वार्षिक आयोजन है। इसमें हिस्सा लेने वाले कैडेटों को गणतंत्र दिवस परेड और एनसीसी की प्रधानमंत्री रैली समेत राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात करने का भी मौका मिलता है।