September 17, 2024

कोरबा वन मण्डल के कुदमुरा रेंज में अवैध पेड़ कटाई की जांच शुरूः अधिकारी अभी से रफा-दफा करने के मूड में?

कोरबा 10 अगस्त। जिले के कोरबा वन मण्डल अन्तर्गत कुदमुरा रेंज में सैकड़ों बेशकीमती साल और सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई की जांच का आदेश
दिया गया है। जांच के बाद काटे गये पेड़ों की वास्ताविक संख्या का पता चल सकेगा। यह जानकारी कुदमुरा रेंज के रेंजर बी पी मरावी ने सोमवार को दी।
उन्होंने बताया कि कुदमुरा रेंज में इमारती लकड़ी के पेड़ों की अवैध कटाई की जांच का निर्देश डिप्टी रेंजर और परिसर रक्षकों (बीट गार्ड) को दिया गया है। उनकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही काटे गये पेड़ों की संख्या की
जानकारी दे पायेंगे। इधर वन मण्डलाधिकारी गुरूनाथन एन ने बताया कि जितनी संख्या में पेड़ कटने की बात कही जा रही है, उतनी कटी नहीं है। सूचना गलत है। मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद अधिक संख्या में पेड़ कटने का तथ्य
सामने आने पर संबंधित क्षेत्र के बीट गार्ड से रिकव्हरी की जायेगी।
यहां उल्लेखनीय है कि कोरबा वन मण्डल के कुदमुरा रेंज में बड़ी संख्या में साल और सागौन के पेड़ों की कोरोना काल में कटाई करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार सैकड़ों पेड़ों की कटाई की गयी है। लेकिन वन मण्डलाधिकारी जिस तरह जानकारी दे रहे हैं, उससे पूर्व में विभिन्न स्तरों पर जाहिर की जा चुकी है। इस आशंका को बल मिलता है, कि विभागीय अफसर पूरे मामले में लीपापोती करने का मन बना चुके हैं। जांच के नाम पर टाईमपास करने के बाद मामले को रफा-दफा कर दिया जायेगा। बहरहाल सच्चाई भविष्य में
सामने आ जायेगी।
अवैध पेड़ कटाई मामले में लीपापोती के संदेह को इस बात से भी बल मिलता है कि प्रकरण की जांच वही बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर करेंगे, जो कटाई के लिए संदेह के दायरे में हैं। कायदे से रेंजर से ऊपर स्तर के अधिकारी से इसकी
जांच कराया जाना चाहिये, लेकिन ऐसा कोई आदेश डी एफ ओ ने जारी नहीं किया
है, इससे भी साफ झलकता है कि डी एफ ओ की मंशा क्या है?
Spread the word