October 5, 2024

समर्थकों की फौज जुटाकर रामसिंह अग्रवाल ने विरोधियों के लिए बजा दी खतरे की घंटी

न्यूज एक्शन। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन का सिलसिला जारी है। विभिन्न दलों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने के बहाने जमकर शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कड़ी में बुधवार को बसपा के तानाखार विधानसभा प्रत्याशी अशोक मरावी, जन संगठन के विशाल केलकर, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कोरबा प्रत्याशी रामसिंह अग्रवाल ने लाव लश्कर के साथ निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। रामसिंह अग्रवाल, विशाल केलकर और अशोक मरावी ने जहां लाव लश्कर के साथ नामांकन दाखिल किया है। खासकर जकांछ प्रत्याशी रामसिंह अग्रवाल के नामांकन रैली में लगभग बीस हजार से अधिक समर्थकों की भीड़ ने विरोधियों की नींद उड़ा दी है। वहीं बुधवार को भाजपा के कटघोरा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने भी शुभ मुहूर्त में दूसरा सेट दाखिल किया। भाजपा रामपुर प्रत्याशी ननकीराम कंवर, निर्दलीय प्रत्याशी रज्जाक अली, अमरनाथ अग्रवाल, कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के माकपा प्रत्याशी सपुरन कुलदीप ने अपने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया।
जनता कांग्रेस के रामसिंह अग्रवाल बड़ी रैली के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे और रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष पर्चा दाखिल किया। रामसिंह के भारी समर्थक उमड़े थे। हजारों की उमड़ी भीड़ जोगी जिंदाबाद से लेकर जकांछ के समर्थन में नारे लगाते रहे। क्षेत्र में जकांछ को तीसरी शक्ति के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ ने विरोधियों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। शक्ति प्रदर्शन के बहाने कोरबा सीट पर रामसिंह अग्रवाल ने लगभग बीस हजार से अधिक समर्थकों की भीड़ जुटाई। इस भीड़ में युवा व महिला वर्ग से अधिक समर्थक थे। भीड़ का आलम यह था कि पुलिस, प्रशासन व यातायात अमला को व्यवस्था संभालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। जकांछ प्रत्याशी रामसिंह अग्रवाल के नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ ने जरूर अन्य बड़े राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों की नींद उड़ा दी होगी। रामसिंह के शक्ति प्रदर्शन से यह स्पष्ट हो गया है कि इस बार कोरबा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार है। इससे पहले ही रामसिंह स्पष्ट कर चुके हैं कि उनके मुकाबले में भाजपा ही मुख्य है। नामांकन दाखिल के बाद चर्चा के दौरान रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा-कांग्रेस से जनता त्रस्त हो चुकी है। कोरबा विधानसभा में दस वर्षों से कांग्रेस के विधायक हैं। चार साल से भाजपा का सांसद है। इसके बाद भी क्षेत्र विकास को तरस रहा है। इस बार क्षेत्र की जनता विकास के लिए जकांछ को चुनेगी।
वहीं बुनियादी समस्याओं को आधार बनाकर मैदान में उतरे इंजीनियर विशाल केलकर के साथ आज हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता नजर आए। काफी समय से विधानसभा क्षेत्र कोरबा की सड़कों, स्ट्रीट लाइट सहित कई समस्याओं के साथ केलकर ने अपने इरादे दिखाए थे। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वे जनता के सामने खुद को विकल्प साबित करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। निर्दलीय प्रत्याशी होने के बाद भी उनके समर्थन में सैंकड़ों समर्थक पहुंचे थे। उनके साथ अधिकांश युवा वर्ग के समर्थक नजर आए। इसी तरह पाली-तानाखार के बसपा प्रत्याशी अशोक मरावी ने भी शक्ति प्रदर्शन करते हुए पर्चा दाखिल किया। कटघोरा विधानसभा सीट से माकपा के प्रत्याशी सपुरन कुलदीप ने भी अपने सीमित समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया। निर्दलीय प्रत्याशी एवं माटी मंच के संयोजक अमरनाथ अग्रवाल ने पर्चा दाखिल किया है। कोरबा सीट से रज्जाक अली ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। इन प्रत्याशियों के अलावा और भी दलों के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन जमा किया है। बुधवार को नामांकन रैलियों के कारण घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक तक रेलमपेल रही। यातायात व्यवस्था पल-पल में बाधित हो रही थी। यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने में पुलिस प्रशासन व यातायात अमला को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

स्वफूर्त उमड़ी रही भीड़
जकांछ पदाधिकारियों का कहना है कि प्रत्याशी रामसिंह अग्रवाल के नामांकन रैली में स्वफूर्त भीड़ उमड़ी थी। रामसिंह अग्रवाल के समर्थक बिना किसी दबाव व लालच के रैली में शामिल हुए थे। खासकर जकांछ व बसपा के गठबंधन की ताकत नामांकन रैली में नजर आई है। लगभग बीस हजार समर्थकों को जुटाकर रामसिंह ने अन्य दलों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है।

भरे गये नामांकन
कोरबा विधानसभा
अमरनाथ अग्रवाल (निर्दलीय)
रामसिंह अग्रवाल (छत्तीसगढ़ जनता कांगे्रस)
पवन महंत (निर्दलीय)
रज्जाक अली (निर्दलीय)
राजेश पांडेय (निर्दलीय)
विशाल केलकर (निर्दलीय)
रामपुर विधान सभा
श्यामलाल कंवर (भारतीय राष्ट्रीय कांगे्रस) एक सेट
फूलसिंह राठिया (छत्तीसगढ़ जनता कांगे्रस)
ननकी राम कंवर (भारतीय जनता पार्टी)
रामदयाल उरांव (निर्दलीय)
पाली-तानाखार
अशोक कुमार मरावी (बहुजन समाज पार्टी)
लक्ष्मण सिंह उदय (राष्ट्रीय गोड़वाना पार्टी)
कटघोरा विधानसभा
गोविंद सिंह राजपूत (छत्तीसगढ़ जनता कांगे्रस)
पुरूषोत्तम कंपर (भारतीय राष्ट्रीय कांगे्रस )
लखनलाल देवांगन (भारतीय जनता पार्टी)
सपूरण दास कुलदीप (माकपा)

Spread the word